भागवत पुराण – प्रथम स्कन्ध – अध्याय – 1


<< भागवत पुराण – Index

<< भागवत पुराण – भागवत माहात्म्य – अध्याय – 6

भागवत पुराण स्कंध लिंक - भागवत माहात्म्य | प्रथम (1) | द्वितीय (2) | तृतीय (3) | चतुर्थ (4) | पंचम (5) | षष्ठ (6) | सप्तम (7) | अष्टम (8) | नवम (9) | दशम (10) | एकादश (11) | द्वादश (12)


श्रीसूतजीसे शौनकादि ऋषियोंका प्रश्न

  • जिससे इस जगत् की सृष्टि, स्थिति और प्रलय होते हैं – क्योंकि वह सभी सद्रूप पदार्थोंमें अनुगत है और असत् पदार्थोंसे पृथक् है;
  • जड नहीं, चेतन है;
  • परतन्त्र नहीं, स्वयंप्रकाश है;
  • जो ब्रह्मा अथवा हिरण्यगर्भ नहीं, प्रत्युत उन्हें अपने संकल्पसे ही जिसने उस वेदज्ञानका दान किया है;
  • जिसके सम्बन्धमें बड़े-बड़े विद्वान् भी मोहित हो जाते हैं;
  • जैसे तेजोमय सूर्यरश्मियोंमें जलका, जलमें स्थलका और स्थलमें जलका भ्रम होता है, वैसे ही जिसमें यह त्रिगुणमयी जाग्रत्-स्वप्न-सुषुप्तिरूपा सृष्टि मिथ्या होनेपर भी अधिष्ठान-सत्तासे सत्यवत् प्रतीत हो रही है,
  • उस अपनी स्वयंप्रकाश ज्योतिसे सर्वदा और सर्वथा माया और मायाकार्यसे पूर्णतः मुक्त रहनेवाले परम सत्यरूप परमात्माका हम ध्यान करते हैं।।१।।

महामुनि व्यासदेवके द्वारा निर्मित इस श्रीमद्भागवतमहापुराणमें मोक्षपर्यन्त फलकी कामनासे रहित परम धर्मका निरूपण हुआ है।

इसमें शुद्धान्तःकरण सत्पुरुषोंके जाननेयोग्य उस वास्तविक वस्तु परमात्माका निरूपण हुआ है, जो तीनों तापोंका जड़से नाश करनेवाली और परम कल्याण देनेवाली है।

अब और किसी साधन या शास्त्रसे क्या प्रयोजन।

जिस समय भी सुकृती पुरुष इसके श्रवणकी इच्छा करते हैं, ईश्वर उसी समय अविलम्ब उनके हृदयमें आकर बन्दी बन जाता है।।२।।

रसके मर्मज्ञ भक्तजन! यह श्रीमद्भागवत वेदरूप कल्पवृक्षका पका हुआ फल है।

श्रीशुकदेवरूप तोतेके* मुखका सम्बन्ध हो जानेसे यह परमानन्दमयी सुधासे परिपूर्ण हो गया है।

इस फलमें छिलका, गुठली आदि त्याज्य अंश तनिक भी नहीं है।

यह मूर्तिमान् रस है।

जबतक शरीरमें चेतना रहे, तबतक इस दिव्य भगवद्रसका निरन्तर बार-बार पान करते रहो। यह पृथ्वीपर ही सुलभ है।।३।।

एक बार भगवान् विष्णु एवं देवताओंके परम पुण्यमय क्षेत्र नैमिषारण्यमें शौनकादि ऋषियोंने भगवत्प्राप्तिकी इच्छासे सहस्र वर्षोंमें पूरे होनेवाले एक महान् यज्ञका अनुष्ठान किया।।४।।

एक दिन उन लोगोंने प्रातःकाल अग्निहोत्र आदि नित्यकृत्योंसे निवृत्त होकर सूतजीका पूजन किया और उन्हें ऊँचे आसनपर बैठाकर बड़े आदरसे यह प्रश्न किया।।५।।

ऋषियोंने कहा—सूतजी! आप निष्पाप हैं।

आपने समस्त इतिहास, पुराण और धर्मशास्त्रोंका विधिपूर्वक अध्ययन किया है तथा उनकी भलीभाँति व्याख्या भी की है।।६।।

वेदवेत्ताओंमें श्रेष्ठ भगवान् बादरायणने एवं भगवान् के सगुण-निर्गुण रूपको जाननेवाले दूसरे मुनियोंने जो कुछ जाना है – उन्हें जिन विषयोंका ज्ञान है, वह सब आप वास्तविक रूपमें जानते हैं।

आपका हृदय बड़ा ही सरल और शुद्ध है, इसीसे आप उनकी कृपा और अनुग्रहके पात्र हुए हैं। गुरुजन अपने प्रेमी शिष्यको गुप्त-से-गुप्त बात भी बता दिया करते हैं।।७-८।।

आयुष्मन्! आप कृपा करके यह बतलाइये कि उन सब शास्त्रों, पुराणों और गुरुजनोंके उपदेशोंमें कलियुगी जीवोंके परम कल्याणका सहज साधन आपने क्या निश्चय किया है।।९।।

आप संत-समाजके भूषण हैं।

इस कलियुगमें प्रायः लोगोंकी आयु कम हो गयी है।

साधन करनेमें लोगोंकी रुचि और प्रवृत्ति भी नहीं है।

लोग आलसी हो गये हैं।

उनका भाग्य तो मन्द है ही, समझ भी थोड़ी है। इसके साथ ही वे नाना प्रकारकी विघ्न-बाधाओंसे घिरे हुए भी रहते हैं।।१०।।

शास्त्र भी बहुत-से हैं।

परन्तु उनमें एक निश्चित साधनका नहीं, अनेक प्रकारके कर्मोंका वर्णन है।

साथ ही वे इतने बड़े हैं कि उनका एक अंश सुनना भी कठिन है।

आप परोपकारी हैं।

अपनी बुद्धिसे उनका सार निकालकर प्राणियोंके परम कल्याणके लिये हम श्रद्धालुओंको सुनाइये, जिससे हमारे अन्तःकरणकी शुद्धि प्राप्त हो।।११।।

प्यारे सूतजी! आपका कल्याण हो।

आप तो जानते ही हैं कि यदुवंशियोंके रक्षक भक्तवत्सल भगवान् श्रीकृष्ण वसुदेवकी धर्मपत्नी देवकीके गर्भसे क्या करनेकी इच्छासे अवतीर्ण हुए थे।।१२।।

हम उसे सुनना चाहते हैं।

आप कृपा करके हमारे लिये उसका वर्णन कीजिये; क्योंकि भगवान् का अवतार जीवोंके परम कल्याण और उनकी भगवत्प्रेममयी समृद्धिके लिये ही होता है।।१३।।

यह जीव जन्म-मृत्युके घोर चक्रमें पड़ा हुआ है—इस स्थितिमें भी यदि वह कभी भगवान् के मंगलमय नामका उच्चारण कर ले तो उसी क्षण उससे मुक्त हो जाय; क्योंकि स्वयं भय भी भगवान् से डरता रहता है।।१४।।

सूतजी! परम विरक्त और परम शान्त मुनिजन भगवान् के श्रीचरणोंकी शरणमें ही रहते हैं, अतएव उनके स्पर्शमात्रसे संसारके जीव तुरन्त पवित्र हो जाते हैं।

इधर गंगाजीके जलका बहुत दिनोंतक सेवन किया जाय, तब कहीं पवित्रता प्राप्त होती है।।१५।।

ऐसे पुण्यात्मा भक्त जिनकी लीलाओंका गान करते रहते हैं, उन भगवान् का कलिमलहारी पवित्र यश भला आत्मशुद्धिकी इच्छावाला ऐसा कौन मनुष्य होगा, जो श्रवण न करे।।१६।।

वे लीलासे ही अवतार धारण करते हैं।

नारदादि महात्माओंने उनके उदार कर्मोंका गान किया है।

हम श्रद्धालुओंके प्रति आप उनका वर्णन कीजिये।।१७।।

बुद्धिमान् सूतजी! सर्वसमर्थ प्रभु अपनी योगमायासे स्वच्छन्द लीला करते हैं।

आप उन श्रीहरिकी मंगलमयी अवतार-कथाओंका अब वर्णन कीजिये।।१८।।

पुण्यकीर्ति भगवान् की लीला सुननेसे हमें कभी भी तृप्ति नहीं हो सकती; क्योंकि रसज्ञ श्रोताओंको पद-पदपर भगवान् की लीलाओंमें नये-नये रसका अनुभव होता है।।१९।।

भगवान् श्रीकृष्ण अपनेको छिपाये हुए थे, लोगोंके सामने ऐसी चेष्टा करते थे मानो कोई मनुष्य हों।

परन्तु उन्होंने बलरामजीके साथ ऐसी लीलाएँ भी की हैं, ऐसा पराक्रम भी प्रकट किया है, जो मनुष्य नहीं कर सकते।।२०।।

कलियुगको आया जानकर इस वैष्णवक्षेत्रमें हम दीर्घकालीन सत्रका संकल्प करके बैठे हैं। श्रीहरिकी कथा सुननेके लिये हमें अवकाश प्राप्त है।।२१।।

यह कलियुग अन्तःकरणकी पवित्रता और शक्तिका नाश करनेवाला है।

इससे पार पाना कठिन है।

जैसे समुद्रसे पार जानेवालोंको कर्णधार मिल जाय, उसी प्रकार इससे पार पानेकी इच्छा रखनेवाले हम लोगोंसे ब्रह्माने आपको मिलाया है।।२२।।

धर्मरक्षक, ब्राह्मणभक्त, योगेश्वर भगवान् श्रीकृष्णके अपने धाममें पधार जानेपर धर्मने अब किसकी शरण ली है—यह बताइये।।२३।।

इति श्रीमद्भागवते महापुराणे पारमहंस्यां संहितायां प्रथमस्कन्धे नैमिषीयोपाख्याने प्रथमोऽध्यायः।।१।।

* यह प्रसिद्ध है कि तोतेका काटा हुआ फल अधिक मीठा होता है।


Next.. आगे पढें….. >> भागवत पुराण – प्रथम स्कन्ध – अध्याय – 2

भागवत पुराण – प्रथम स्कन्ध का अगला पेज पढ़ने के लिए क्लिक करें >>

भागवत पुराण – प्रथम स्कन्ध – अध्याय – 2


Krishna Bhajan, Aarti, Chalisa

Krishna Bhajan