भागवत पुराण – अष्टम स्कन्ध – अध्याय – 17


<< भागवत पुराण – Index

<< भागवत पुराण – अष्टम स्कन्ध – अध्याय – 16

भागवत पुराण स्कंध लिंक - भागवत माहात्म्य | प्रथम (1) | द्वितीय (2) | तृतीय (3) | चतुर्थ (4) | पंचम (5) | षष्ठ (6) | सप्तम (7) | अष्टम (8) | नवम (9) | दशम (10) | एकादश (11) | द्वादश (12)


भगवान् का प्रकट होकर अदितिको वर देना

श्रीशुकदेवजी कहते हैं – परीक्षित्! अपने पतिदेव महर्षि कश्यपजीका उपदेश प्राप्त करके अदितिने बड़ी सावधानीसे बारह दिनतक इस व्रतका अनुष्ठान किया।।१।।

बुद्धिको सारथि बनाकर मनकी लगामसे उसने इन्द्रियरूप दुष्ट घोड़ोंको अपने वशमें कर लिया और एकनिष्ठ बुद्धिसे वह पुरुषोत्तम भगवान् का चिन्तन करती रही।।२।।

उसने एकाग्र बुद्धिसे अपने मनको सर्वात्मा भगवान् वासुदेवमें पूर्णरूपसे लगाकर पयोव्रतका अनुष्ठान किया।।३।।

तब पुरुषोत्तमभगवान् उसके सामने प्रकट हुए।

परीक्षित्! वे पीताम्बर धारण किये हुए थे, चार भुजाएँ थीं और शंख, चक्र, गदा लिये हुए थे।।४।।

अपने नेत्रोंके सामने भगवान् को सहसा प्रकट हुए देख अदिति सादर उठ खड़ी हुई और फिर प्रेमसे विह्वल होकर उसने पृथ्वीपर लोटकर उन्हें दण्डवत् प्रणाम किया।।५।।

फिर उठकर, हाथ जोड़, भगवान् की स्तुति करनेकी चेष्टा की; परन्तु नेत्रोंमें आनन्दके आँसू उमड़ आये, उससे बोला न गया।

सारा शरीर पुलकित हो रहा था, दर्शनके आनन्दोल्लाससे उसके अंगोंमें कम्प होने लगा था, वह चुपचाप खड़ी रही।।६।।

परीक्षित्! देवी अदिति अपने प्रेमपूर्ण नेत्रोंसे लक्ष्मीपति, विश्वपति, यज्ञेश्वर-भगवान् को इस प्रकार देख रही थी, मानो वह उन्हें पी जायगी।

फिर बड़े प्रेमसे, गद् गद वाणीसे, धीरे-धीरे उसने भगवान् की स्तुति की।।७।।

अदितिने कहा – आप यज्ञके स्वामी हैं और स्वयं यज्ञ भी आप ही हैं।

अच्युत! आपके चरण-कमलोंका आश्रय लेकर लोग भवसागरसे तर जाते हैं।

आपके यशकीर्तनका श्रवण भी संसारसे तारनेवाला है।

आपके नामोंके श्रवणमात्रसे ही कल्याण हो जाता है।

आदिपुरुष! जो आपकी शरणमें आ जाता है, उसकी सारी विपत्तियोंका आप नाश कर देते हैं।

भगवन्! आप दीनोंके स्वामी हैं।

आप हमारा कल्याण कीजिये।।८।।

आप विश्वकी उत्पत्ति, स्थिति और प्रलयके कारण हैं और विश्वरूप भी आप ही हैं।

अनन्त होनेपर भी स्वच्छन्दतासे आप अनेक शक्ति और गुणोंको स्वीकार कर लेते हैं।

आप सदा अपने स्वरूपमें ही स्थित रहते हैं।

नित्य-निरन्तर बढ़ते हुए पूर्ण बोधके द्वारा आप हृदयके अन्धकारको नष्ट करते रहते हैं।

भगवन्! मैं आपको नमस्कार करती हूँ।।९।।

प्रभो! अनन्त! जब आप प्रसन्न हो जाते हैं, तब मनुष्योंको ब्रह्माजीकी दीर्घ आयु, उनके ही समान दिव्य शरीर, प्रत्येक अभीष्ट वस्तु, अतुलित धन, स्वर्ग, पृथ्वी, पाताल, योगकी समस्त सिद्धियाँ, अर्थ-धर्म-कामरूप त्रिवर्ग और केवल ज्ञानतक प्राप्त हो जाता है।

फिर शत्रुओंपर विजय प्राप्त करना आदि जो छोटी-छोटी कामनाएँ हैं, उनके सम्बन्धमें तो कहना ही क्या है।।१०।।

श्रीशुकदेवजी कहते हैं – परीक्षित्! जब अदितिने इस प्रकार कमलनयनभगवान् की स्तुति की, तब समस्त प्राणियोंके हृदयमें रहकर उनकी गति-विधि जाननेवाले भगवान् ने यह बात कही।।११।।

श्रीभगवान् ने कहा – देवताओंकी जननी अदिति! तुम्हारी चिरकालीन अभिलाषाको मैं जानता हूँ।

शत्रुओंने तुम्हारे पुत्रोंकी सम्पत्ति छीन ली है, उन्हें उनके लोक (स्वर्ग)-से खदेड़ दिया है।।१२।।

तुम चाहती हो कि युद्धमें तुम्हारे पुत्र उन मतवाले और बली असुरोंको जीतकर विजयलक्ष्मी प्राप्त करें, तब तुम उनके साथ भगवान् की उपासना करो।।१३।।

तुम्हारी इच्छा यह भी है कि तुम्हारे इन्द्रादि पुत्र जब शत्रुओंको मार डालें, तब तुम उनकी रोती हुई दुःखी स्त्रियोंको अपनी आँखों देख सको।।१४।।

अदिति! तुम चाहती हो कि तुम्हारे पुत्र धन और शक्तिसे समृद्ध हो जायँ, उनकी कीर्ति और ऐश्वर्य उन्हें फिरसे प्राप्त हो जायँ तथा वे स्वर्गपर अधिकार जमाकर पूर्ववत् विहार करें।।१५।।

परन्तु देवि! वे असुरसेनापति इस समय जीते नहीं जा सकते, ऐसा मेरा निश्चय है; क्योंकि ईश्वर और ब्राह्मण इस समय उनके अनुकूल हैं।

इस समय उनके साथ यदि लड़ाई छेड़ी जायगी, तो उससे सुख मिलनेकी आशा नहीं है।।१६।।

फिर भी देवि! तुम्हारे इस व्रतके अनुष्ठानसे मैं बहुत प्रसन्न हूँ, इसलिये मुझे इस सम्बन्धमें कोई-न-कोई उपाय सोचना ही पड़ेगा।

क्योंकि मेरी आराधना व्यर्थ तो होनी नहीं चाहिये।

उससे श्रद्धाके अनुसार फल अवश्य मिलता है।।१७।।

तुमने अपने पुत्रोंकी रक्षाके लिये ही विधिपूर्वक पयोव्रतसे मेरी पूजा एवं स्तुति की है।

अतः मैं अंशरूपसे कश्यपके वीर्यमें प्रवेश करूँगा और तुम्हारा पुत्र बनकर तुम्हारी सन्तानकी रक्षा करूँगा।।१८।।

कल्याणी! तुम अपने पति कश्यपमें मुझे इसी रूपमें स्थति देखो और उन निष्पाप प्रजापतिकी सेवा करो।।१९।।

देवि! देखो, किसीके पूछनेपर भी यह बात दूसरेको मत बतलाना।

देवताओंका रहस्य जितना गुप्त रहता है, उतना ही सफल होता है।।२०।।

श्रीशुकदेवजी कहते हैं – इतना कहकर भगवान् वहीं अन्तर्धान हो गये।

उस समय अदिति यह जानकर कि स्वयं भगवान् मेरे गर्भसे जन्म लेंगे, अपनी कृतकृत्यताका अनुभव करने लगी।

भला, यह कितनी दुर्लभ बात है! वह बड़े प्रेमसे अपने पतिदेव कश्यपकी सेवा करने लगी।

कश्यपजी सत्यदर्शी थे, उनके नेत्रोंसे कोई बात छिपी नहीं रहती थी।

अपने समाधि-योगसे उन्होंने जान लिया कि भगवान् का अंश मेरे अंदर प्रविष्ट हो गया है।

जैसे वायु काठमें अग्निका आधान करती है, वैसे ही कश्यपजीने समाहित चित्तसे अपनी तपस्याके द्वारा चिर-संचित वीर्यका अदितिमें आधान किया।।२१-२३।।

जब ब्रह्माजीको यह बात मालूम हुई कि अदितिके गर्भमें तो स्वयं अविनाशी भगवान् आये हैं, तब वे भगवान् के रहस्यमय नामोंसे उनकी स्तुति करने लगे।।२४।।

ब्रह्माजीने कहा – समग्र कीर्तिके आश्रय भगवन्! आपकी जय हो।

अनन्त शक्तियोंके अधिष्ठान! आपके चरणोंमें नमस्कार है।

ब्रह्मण्यदेव! त्रिगुणोंके नियामक! आपके चरणोंमें मेरे बार-बार प्रणाम हैं।।२५।।

पृश्निके पुत्ररूपमें उत्पन्न होनेवाले! वेदोंके समस्त ज्ञानको अपने अंदर रखनेवाले प्रभो! वास्तवमें आप ही सबके विधाता हैं।

आपको मैं बार-बार नमस्कार करता हूँ।

ये तीनों लोक आपकी नाभिमें स्थित हैं।

तीनों लोकोंसे परे वैकुण्ठमें आप निवास करते हैं।

जीवोंके अन्तःकरणमें आप सर्वदा विराजमान रहते हैं।

ऐसे सर्वव्यापक विष्णुको मैं नमस्कार करता हूँ।।२६।।

प्रभो! आप ही संसारके आदि, अन्त और इसलिये मध्य भी हैं।

यही कारण है कि वेद अनन्तशक्ति पुरुषके रूपमें आपका वर्णन करते हैं।

जैसे गहरा स्रोत अपने भीतर पड़े हुए तिनकेको बहा ले जाता है, वैसे ही आप कालरूपसे संसारका धाराप्रवाह संचालन करते रहते हैं।।२७।।

आप चराचर प्रजा और प्रजापतियोंको भी उत्पन्न करनेवाले मूल कारण हैं।

देवाधिदेव! जैसे जलमें डूबते हुएके लिये नौका ही सहारा है, वैसे ही स्वर्गसे भगाये हुए देवताओंके लिये एकमात्र आप ही आश्रय हैं।।२८।।

इति श्रीमद् भागवते महापुराणे पारमहंस्यां संहितायां
अष्टमस्कन्धे वामनप्रादुर्भावे सप्तदशोऽध्यायः।।१७।।


Next.. (आगे पढें…..) >> भागवत पुराण – अष्टम स्कन्ध – अध्याय – 18

भागवत पुराण – अष्टम स्कन्ध का अगला पेज पढ़ने के लिए क्लिक करें >>

भागवत पुराण – अष्टम स्कन्ध – अध्याय – 18


Krishna Bhajan, Aarti, Chalisa

Krishna Bhajan