भागवत पुराण – अष्टम स्कन्ध – अध्याय – 14


<< भागवत पुराण – Index

<< भागवत पुराण – अष्टम स्कन्ध – अध्याय – 13

भागवत पुराण स्कंध लिंक - भागवत माहात्म्य | प्रथम (1) | द्वितीय (2) | तृतीय (3) | चतुर्थ (4) | पंचम (5) | षष्ठ (6) | सप्तम (7) | अष्टम (8) | नवम (9) | दशम (10) | एकादश (11) | द्वादश (12)


मनु आदिके पृथक्-पृथक् कर्मोंका निरूपण

राजा परीक्षित् ने पूछा – भगवन्! आपके द्वारा वर्णित ये मनु, मनुपुत्र, सप्तर्षि आदि अपने-अपने मन्वन्तरमें किसके द्वारा नियुक्त होकर कौन-कौन-सा काम किस प्रकार करते हैं – यह आप कृपा करके मुझे बतलाइये।।१।।

श्रीशुकदेवजी कहते हैं – परीक्षित्! मनु, मनुपुत्र, सप्तर्षि और देवता – सबको नियुक्त करनेवाले स्वयं भगवान् ही हैं।।२।।

राजन्! भगवान् के जिन यज्ञपुरुष आदि अवतारशरीरोंका वर्णन मैंने किया है, उन्हींकी प्रेरणासे मनु आदि विश्व-व्यवस्थाका संचालन करते हैं।।३।।

चतुर्युगीके अन्तमें समयके उलट-फेरसे जब श्रुतियाँ नष्टप्राय हो जाती हैं, तब सप्तर्षिगण अपनी तपस्यासे पुनः उनका साक्षात्कार करते हैं।

उन श्रुतियोंसे ही सनातनधर्मकी रक्षा होती है।।४।।

राजन्! भगवान् की प्रेरणासे अपने-अपने मन्वन्तरमें बड़ी सावधानीसे सब-के-सब मनु पृथ्वीपर चारों चरणसे परिपूर्ण धर्मका अनुष्ठान करवाते हैं।।५।।

मनुपुत्र मन्वन्तरभर काल और देश दोनोंका विभाग करके प्रजापालन तथा धर्मपालनका कार्य करते हैं।

पंच-महायज्ञ आदि कर्मोंमें जिन ऋषि, पितर, भूत और मनुष्य आदिका सम्बन्ध है – उनके साथ देवता उस मन्वन्तरमें यज्ञका भाग स्वीकार करते हैं।।६।।

इन्द्र भगवान् की दी हुई त्रिलोकीकी अतुल सम्पत्तिका उपभोग और प्रजाका पालन करते हैं।

संसारमें यथेष्ट वर्षा करनेका अधिकार भी उन्हींको है।।७।।

भगवान् युग-युगमें सनक आदि सिद्धोंका रूप धारण करके ज्ञानका, याज्ञवल्क्य आदि ऋषियोंका रूप धारण करके कर्मका और दत्तात्रेय आदि योगेश्वरोंके रूपमें योगका उपदेश करते हैं।।८।।

वे मरीचि आदि प्रजापतियोंके रूपमें सृष्टिका विस्तार करते हैं, सम्राट् के रूपमें लुटेरोंका वध करते हैं और शीत, उष्ण आदि विभिन्न गुणोंको धारण करके कालरूपसे सबको संहारकी ओर ले जाते हैं।।९।।

नाम और रूपकी मायासे प्राणियोंकी बुद्धि विमूढ़ हो रही है।

इसलिये वे अनेक प्रकारके दर्शनशास्त्रोंके द्वारा महिमा तो भगवान् की ही गाते हैं, परन्तु उनके वास्तविक स्वरूपको नहीं जान पाते।।१०।।

परीक्षित्! इस प्रकार मैंने तुम्हें महाकल्प और अवान्तर कल्पका परिमाण सुना दिया।

पुराणतत्त्वके विद्वानोंने प्रत्येक अवान्तर कल्पमें चौदह मन्वन्तर बतलाये हैं।।११।।

इति श्रीमद् भागवते महापुराणे पारमहंस्यां संहितायां
अष्टमस्कन्धे चतुर्दशोऽध्यायः।।१४।।


Next.. (आगे पढें…..) >> भागवत पुराण – अष्टम स्कन्ध – अध्याय – 15

भागवत पुराण – अष्टम स्कन्ध का अगला पेज पढ़ने के लिए क्लिक करें >>

भागवत पुराण – अष्टम स्कन्ध – अध्याय – 15


Krishna Bhajan, Aarti, Chalisa

Krishna Bhajan